छत्तीसगढ़ के जांजगीर में 2 साल की एक मासूम बच्ची के साथ बलात्कार की घृणित घटना के खिलाफ महाकाली संगठन द्वारा 21 अक्टूबर को शाम 6:30 बजे नेताजी चौक से कचहरी चौक तक एक कैंडल मार्च निकाला गया। इस मार्च में क्षेत्र के सभी गणमान्य नागरिकों ने बड़ी संख्या में भाग लेकर अपनी जागरूकता और संवेदनशीलता का परिचय दिया। पिता के रिश्ते को कलंकित करने वाली यह घटना न केवल शर्मनाक है, बल्कि समाज के लिए एक गंभीर चुनौती भी है।
इस कैंडल मार्च का उद्देश्य न केवल जल्द से जल्द आरोपी को सख्त सजा दिलाना था, बल्कि यह संदेश देना भी था कि भविष्य में कोई भी ऐसी घृणित घटना करने की हिम्मत न कर सके। महाकाली संगठन ने इस मार्च के माध्यम से शहर के लोगों को इस मुद्दे पर संगठित करने और ऐसे अपराधों के खिलाफ आवाज उठाने का आह्वान किया। कार्यक्रम को सफल बनाने में प्रत्यक्ष और अप्रत्यक्ष रूप से सहयोग करने वाले सभी लोगों को महाकाली संगठन के एक-एक कार्यकर्ता की ओर से सादर धन्यवाद दिया गया।
इस अवसर पर, महाकाली संगठन के संरक्षक श्रद्धेय स्वामी सुरेंद्रनाथ जी ने पीड़ित बच्ची के लिए तात्कालिक सहायता के रूप में 1 लाख 10 हजार रुपए की सहयोग राशि देने की घोषणा की। इसमें से 10 हजार रुपए समाज सेवी श्री केदार राठौर जी ने संगठन को दिए। संगठन के संरक्षक श्रद्धेय सनत गुरुजी, जो फिलहाल गुजरात यात्रा पर हैं, इस कार्यक्रम में शामिल नहीं हो पाए, लेकिन उन्होंने दूरभाष के माध्यम से लगातार जानकारी ली और संगठन को दिशा-निर्देश देते रहे। महाकाली संगठन ने इस मार्च के माध्यम से एक स्पष्ट संदेश दिया है कि ऐसे जघन्य अपराधों के खिलाफ समाज को एकजुट होकर खड़ा होना चाहिए और न्याय के लिए आवाज उठानी चाहिए।